Breaking News

आकाशगंगा सब्जी मंडी शिफ्ट होगी : सी मार्ट में फूड स्टाल का लुत्फ उठाएंगे ग्राहक

  • स्किल्ड ह्युमन रिसोर्स से सी-मार्ट का होगा संचालन

द सीजी न्यूज

दुर्ग / आज कलेक्टर पुष्पेन्द्र मीणा ने भिलाई नगर का दौरा किया। उन्होंने आकाशगंगा सब्जी मंडी का मुआयना किया और पार्किंग व सफाई व्यवस्था को लेकर दुकानदारों से चर्चा की। मंडी में कुछ जगह सफाई व्यवस्था ठीक न होने पर उन्होंने अधिकारियों को कार्य की प्रगति पर पैनी नजर रखने फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी जैसी टेक्नॉलाजी का उपयोग करने की सलाह दी। वर्क प्रोग्रेस की स्थिति जानने के लिए प्री व पोस्ट फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराने कहा।

कलेक्टर ने सब्जी मंडी के निरीक्षण के दौरान सब्जी मंडी के अध्यक्ष व व्यापारियों से चर्चा की। अध्यक्ष ने बताया कि सीमित क्षेत्र होने के कारण  सब्जी मंडी के संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है। सब्जी मंडी में पार्किंग व लोडिंग अनलोडिंग के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने निगम के जोन कमिश्नर को सब्जी मंडी के 110 व्यापारियों के साथ अवकाश के दिन मीटिंग लेने कहा। इस संबंध में प्लान बनाने व जमीन चिन्हित करने के बाद शीघ्र सब्जी मंडी को शिफ्ट करने के निर्देश दिये।


कलेक्टर ने नगर निगम भिलाई में स्थित सी-मार्ट के बेहतर प्रबंधन के लिए स्किल्ड ह्युमन रिसोर्स द्वारा संचालन कराने कहा। स्व-सहायता समूह के उत्पादों की बिक्री ज्यादा से ज्यादा कराने के लिए बेहतर प्लान बनाने के निर्देश दिये, ताकि समूह की महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा आर्थिक लाभ पहुंचाया जा सके। उन्होंने उत्पादों की पैकेजिंग और ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान देने कहा।
सीसी टी.वी. कैमरा से रखी जाएगी पैनी नजर – सी मार्ट में सुरक्षा के उद्देश्य से सीसी टी.वी कैमरा युक्त बनाया गया है। इसमें लगे कैमरे नाईट विजन को भी सपोर्ट करते हैं। इस कारण कम रोशनी में भी ये बेहतर से बेहतर फीचर क्वालिटी प्रदान करते हैं। इससे सी मार्ट में रखे गए उत्पादों की निगरानी के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर भी आसानी से पैनी नजर रखी जा सकेगी।
5 फूड स्टॉल का ग्राहक उठाएंगे लुत्फ – सी मार्ट के मेन एन्ट्री पर 5 फूड स्टॉल की व्यवस्था की गई। इनमें छत्तीसगढ़ी व्यंजनों से लेकर चायनीज व चाट जैसे काउंटरों की व्यवस्था होगी। इन फूड स्टॉल काउंटर का संचालन कुकिंग एक्सपर्ट्स द्वारा किया जाएगा, ताकि आने वाले नागरिकों को साफ-सुथरा और लजीज व्यंजन प्राप्त हो सके।

कलेक्टर ने मदर टेरेसा जोन 3 वार्ड नंबर 33 में स्थित मंगल भवन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने इसे प्राइवेट मैरिज गार्डन की तर्ज पर डेवलप करने के निर्देश दिए। भवन के बाहरी क्षेत्र में प्लांटेशन करने कहा, ताकि भवन का स्वरूप ज्यादा से ज्यादा ईको फ्रेंडली लगे। मंगल भवन में 25 कमरे और एक हॉल है, जिसमें 12 कमरे ग्राउंड फ्लोर पर और 13 कमरे प्रथम तल पर हैं। यहां सभी समाज के लोग शादी व अन्य कार्यक्रम के लिए इसकी बुकिंग करा सकते हैं। निरीक्षण के दौरान दुर्ग नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, नगर निगम भिलाई आयुक्त लोकेश चंद्राकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

टाउनशिपवासी बोले – डॉयलागबाजी की बजाय केंद्रीय इस्पात मंत्री या बीएसपी प्रबंधन से करें सार्थक चर्चा करें … बलिदान देने की बयानबाजी बेतुकी …

द सीजी न्यूज लीज, रिटेंशन और लाइसेंसधारकों को बीएसपी प्रबंधन की नोटिस मिलने के मुद्दे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!