- कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा ने बैठक में जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिये
अपर कलेक्टर पद्मिनी भोई होंगी मानिटरिंग की नोडल अधिकारी, हर दस सड़क के पीछे एक नोडल अधिकारी देखेंगे कार्य की गुणवत्ता
द सीजी न्यूज
दुर्ग / बरसात के कारण नगर निगमों में खराब हुई सड़कों को दुरूस्त करने का कार्य शीघ्र आरंभ होगा। इसके लिए 288 सड़कों को चिन्हांकित किया गया है, जिन्हें दुरूस्त किया जाएगा। इनके निर्माण में 44 करोड़ रुपए की राशि व्यय होगी। कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को मरम्मत का कार्य शीघ्र आरंभ करने के निर्देश दिये हैं।
कलेक्टर ने कहा कि सड़कों की मरम्मत का कार्य गुणवत्तापूर्वक होना चाहिए। इसके लिए मानिटरिंग अधिकारी होंगे। अपर कलेक्टर पद्मिनी भोई सड़कों की मरम्मत के कार्य के लिए जिले की मानिटरिंग अधिकारी होंगी और उनके मार्गदर्शन में हर दस सड़क के पीछे एक नोडल अधिकारी कार्य की गुणवत्ता देखेंगे। पिछली बैठक में कलेक्टर ने बारिश से खराब हुई सड़कों का चिन्हांकन करने और इसकी रिपोर्ट देने के निर्देश दिये थे ताकि, इसके संधारण की कार्रवाई की जा सके।
भिलाई निगम में ऐसी 10 सड़कें चिन्हांकित की गई हैं। इनके मरम्मत की लागत 8 करोड़ 83 लाख रुपए होगी। दुर्ग निगम में ऐसी 77 सड़कें हैं जिनकी मरम्मत की लागत 10 करोड़ 15 लाख रुपए होगी। रिसाली निगम में ऐसी 185 सड़कें हैं, जिनकी मरम्मत लागत 18 करोड़ 22 लाख रुपए है। नगर निगम भिलाई चरौदा में ऐसी 16 सड़कें हैं जिनकी मरम्मत लागत 7 करोड़ 5 लाख रुपए होगी। इस तरह लगभग 44 करोड़ रुपए की लागत से जिले के नगर निगमों की 288 सड़कें शीघ्र दुरूस्त हो जाएंगी।
बैठक में पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता अशोक श्रीवास ने बताया कि विभाग ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। शीघ्र ही यह कार्य समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही नगर पालिकाओं और नगर पंचायत और ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़कों के संधारण के निर्देश दिये गये हैं जिनके अनुरूप काम शीघ्र ही शुरू हो जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
