Breaking News

सीएम बोले – बलात्कारी के साथ खड़ी है भाजपा: ‘ब्रह्मानंद को गिरफ्तार करने की चुनौती देने वाले भाजपा के नेता अब षडयंत्र बताने लगे’

द सीजी न्यूज

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि भाजपा एक बलात्कारी के साथ खड़ी है। नाबालिग से रेप के आरोपी के साथ भाजपा खड़ी है, जो नैतिकता के खिलाफ है। भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल और दूसरे लोग गिरफ्तार करने को लेकर चुनौती दे रहे थे। अब झारखंड पुलिस पहुंच गई तो इस मामले को षडयंत्र बताने लगे हैं।

चारामा में ब्रह्मानंद को तलाश रही है झारखंड पुलिस

जमशेदपुर के टेल्को थाने में 2019 में दर्ज पॉक्सो एक्ट के एक मामले में भाजपा नेता ब्रह्मानंद नेताम और दीपान्कर सिन्हा की गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है। टेल्को थाने की एक टीम सुबह कांकेर पहुंची। यहां से स्थानीय पुलिस को साथ लेकर झारखंड पुलिस चारामा में आरोपियों के ठिकानों पर दबिश डाल रही है। ब्रह्मानंद नेताम भाजपा के टिकट पर भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवार हैं। इस सीट पर पांच दिसम्बर को मतदान होना है।

हाय तौबा क्यों मचा रहे हैं ?

रायपुर में हेलीपैड पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा – भाजपा ही पहले ये कह रही थी कि हिम्मत है तो गिरफ्तार करें। गिरफ्तारी के लिए चैलेंज कर रही थी और अब जब पुलिस आई है तो हाय-तौबा क्यों मचा रहे हैं। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा था कि आओ यहां से गिरफ्तार करके दिखाओ। अब जब पुलिस आई है तो यही लोग कुछ और बोल रहे हैं। भाजपा नेताओं के आरोपों से जुड़े एक सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। किसी के दोस्त रहने से कोई गिरफ्तारी नहीं हो जाती। 15 साल की नाबालिग के साथ जो रेप किया गया था, उस मामले में ये केस दर्ज हुआ है। वह भी 2019 में जब झारखंड में रघुवर दास यानी भाजपा की सरकार थी। भाजपा नेताओं को उनसे पूछना चाहिए कि इतना पहले षडयंत्र कैसे शुरू हो गया था।

भाजपा पर लगाया दुष्कर्मी को बचाने का आरोप

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर दुष्कर्मी को बचाने का आरोप लगाया। उन्होने पूछा, क्या किसी बलात्कारी को इस तरह बचाना चाहिए? जो गलत है वह गलत है – उसे छुपाने की क्या जरूरत है। उसे स्वीकार करना चाहिए था कि उनसे गलती हुई है। उनकी ही सरकार में तो एफआईआर हुआ है। गलती स्वीकार न करके बार-बार छुपाने की कोशिश कर रहे हैं। इससे दूसरी गलती होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी का दोस्त होने पर क्या किसी की गिरफ्तारी हो जाएगी ? कानून अपना काम करता है। दूसरे राज्य की पुलिस आती है। यहां थाने या एसपी ऑफिस से मदद मांगती है तो जो भी प्रक्रिया है, उसके तहत मदद की जाती है।

नेताम के घर के सामने जमा हो रहे हैं भाजपा कार्यकर्ता

चारामा में ब्रह्मानंद नेताम के घर के सामने भाजपा कार्यकर्ता जमा हो रहे हैं। पुलिस को भाजपा नेताओं के विरोध का सामना करना पड़ सकता है। इससे पहले पुलिस टीम ने भाजपा युवा मोर्चा के जिला कोषाध्यक्ष दीपांकर सिन्हा के घर दबिश दी। लेकिन वो घर पर नहीं मिले। उनकी मां के मुताबिक दीपांकर पिछले 5 दिनों से घर पर नहीं है। गैंगरेप के एक और आरोपी नरेश सोनी के चारामा स्थित घर पर झारखंड पुलिस ने दबिश दी है। टीम यहां तलाशी ले रही है। चारामा में ही ब्रह्मानंद नेताम का भी घर है। यहां से टीम कागजी कार्रवाई के बाद ब्रह्मानंद नेताम के घर दबिश दे सकती है।

 

Check Also

अतिक्रमण कार्रवाई से प्रभावित छोटे व्यवसाइयों को मिलेगी 10-10 हजार की आर्थिक सहायता

विधायक रिकेश सेन की पहल से मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से दिया जाएगा मुआवजा THE CG NEWS …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!