द सीजी न्यूज
देश भर में कांग्रेस पार्टी ने मौन सत्याग्रह कर विरोध प्रदर्शन किया। राजधानी रायपुर के गांधी मैदान में बुधवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कांग्रेसियों ने मौन सत्याग्रह किया। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सीएम भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, सभी मंत्री, प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित संगठन पदाधिकारियों के साथ धरने पर बैठे।
कांग्रेस का मौन सत्याग्रह पूरा होने के बाद सीएम भूपेश बघेल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। जनता की आवाज को बुलंद करने वालों की आवाज को बंद करने की बातें हो रही हैं। राहुल गांधी की पदयात्रा से केंद्र सरकार घबरा गई है। राज्यों में चुनाव के नतीजों से उनकी घबराहट और बढ़ गई है। जो आवाज राहुल गांधी उठा रहे हैं, उसे कुचलने की कोशिश की जा रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष थोड़ा ज्ञानवर्धन कर लें
सीएम भूपेश बघेल ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मोदी सरनेम तो मुसलमान, पारसी भी लिखते हैं। वो लोग भी पिछड़े वर्ग के है। अग्रवाल भी लिखते और अपर क्लास के लोग भी लिखते हैं। मोदी सरनेम केवल पिछड़े वर्ग के लोग नहीं लिखते। विविध जाति विविध धर्म के लोग लिखते है। अरुण साव थोड़ा ज्ञानवर्धन कर लें।
‘इंदिरा गांधी का पोता डरने वाला नहीं है’
कांग्रेस के मौन सत्याग्रह में संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने एक साजिश के तहत राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता को रद्द किया किया है। उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। आने वाले लोकसभा चुनाव में बीजेपी को अपनी जमीन खिसकती हुई दिख रही है, इसीलिए नये-नये षड़यंत्र राहुल गांधी के खिलाफ रचे जा रहे हैं। लेकिन, ये इन्दिरा गांधी के पोते और राजीव गांधी के पुत्र हैं, ये डरने वाले नहीं हैं और पूरा देश आज राहुल गांधी के साथ खड़ा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

