द सीजी न्यूज
महिलाओं के मन में खेल की जागरूकता बढ़ाने और स्वास्थ्य के प्रति सजगता पैदा करने महतारी खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। राज्यसभा सांसद व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय के मार्गदर्शन में होटल चौहान इंपीरियल दुर्ग में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में विभिन्न समाजों की प्रमुख महिलाएं, बुद्धिजीवी वर्ग से डॉक्टर, पत्रकार, उद्यमी, समाज सेविकाएं व महिला मोर्चा भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सरोज पाण्डेय ने कहा कि हर महिलाओं के मन में एक बचपन होता है, पर महिलाएं अपने पति, बच्चों और परिवारजनों के बीच इसे जाहिर नहीं कर पाती। इसके कारण वे अपनी मंशा के अनुरूप जीवन नहीं जी पाती हैं। महतारी खेल महोत्सव के माध्यम से उन्हें पारिवारिक माहौल में विभिन्न खेलकूद के कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिला। महिलाओं ने आनंदपूर्वक प्रतिस्पर्धा में भाग लिया। खेलों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है कि उन्हें उनके परिवार का साथ मिले। विभिन्न प्रकार की प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया जाना चाहिए। मेरा यह प्रयास रहेगा कि समय-समय पर इसी प्रकार की खेल प्रतिस्पर्धाएं आयोजित किये जाएं और महिलाओं के मन में रहने वाले बचपन को बाहर लाया जा सके।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर, उषा टावरी, माया बेलचंदन, डॉ. मानसी गुलाटी, सरिता मिश्रा, स्वाति साहू, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष भिलाई स्वीटी कौशिक उपस्थित रहे। खेलों के आयोजन के बाद विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया गया और कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए साधुवाद ज्ञापित किया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal




