- पुनीत सागर अभियान के तहत एनसीसी ने राज्य के 35 तालाबों को किया है प्लास्टिक कचरे से मुक्त
- अभियान के तहत एनसीसी देशभर में समुद्री किनारों, बीचों, झीलों, नदियों और तालाबों को कर रहा है कचरामुक्त
द सीजी न्यूज

एनसीसी (National Cadet Corps) द्वारा 9 सितम्बर को सुबह 9 बजे रायपुर के तेलीबांधा तालाब में विशेष पुनीत सागर अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसमें एनसीसी रायपुर ग्रुप के विभिन्न संस्थाओं के 2500 कैडेट्स भाग लेंगे। कार्यक्रम में लोगों को एनसीसी के पुनीत सागर अभियान के बारे में जागरूक, शिक्षित और सेंसिटाइज किया जाएगा। स्थानीय लोगों और भावी पीढ़ी को तालाबों, नदियों और जलाशयों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करने के साथ ही इसके महत्व को रेखांकित करने एनसीसी द्वारा इसका आयोजन किया गया है।
स्वच्छ भारत मिशन का विस्तार करते हुए एनसीसी द्वारा देश भर में पुनीत सागर अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य समुद्री किनारों और बीचों, झीलों, नदियों और तालाबों को प्लास्टिक व अन्य कचरों से मुक्त करना है। पर्यावरण को प्लास्टिक कचरे से बचाने के लिए लोगों को जागरूक करना और इस संदेश का प्रचार-प्रसार करना भी इस अभियान का मकसद है। एनसीसी के इस अभियान से देशभर में फैले उनके डेढ़ लाख कैडेट्स जुड़े हुए हैं।
पुनीत सागर अभियान के तहत एनसीसी के रायपुर ग्रुप ने छत्तीसगढ़ के 35 तालाबों को प्लास्टिक कचरे से मुक्त किया है। इस दौरान 2400 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र कर रिसाइक्लिंग के लिए भेजा गया है। एनसीसी ग्रुप रायपुर की प्रदेश के विभिन्न जिलों में 16 इकाईयां हैं। रायपुर शहर के कोटा में इसका मुख्यालय है। प्रदेश के 253 स्कूलों और 100 कॉलेजों में अभी इसके करीब 18 हजार कैडेट्स हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal