Breaking News

दुर्ग में गरजे पीएम मोदी, बोले – कांग्रेस ने महादेव को भी नहीं छोड़ा : भूपेश बोले – “मैं पीएम से पूछना चाहता हूं कि आपकी डील क्या है? महादेव सट्‌टा ऐप बंद क्यों नहीं कर रहे हैं?

द सीजी न्यूज

दुर्ग। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज दुर्ग के रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर प्रहार किये। मोदी ने कहा – भाजपा ने आपके सपनों को सच करने वाला संकल्‍प पत्र तैयार किया है। यहां के युवा और महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। भाजपा का रिकार्ड है जो हम कहते हैं वो करके रहते है। छत्‍तीसगढ़ राज्य को भाजपा ने बनाया। मैं गारंटी देता हूं छत्‍तीसगढ़ को भाजपा ही संवारेगी।

मोदी ने कहा – कांग्रेस की प्राथमिकता है अपने नेताओं के चहेतों को नौकरियां बांटना। आपके बच्‍चों को नौकरी से बाहर करना। पीएससी घोटाला में कांग्रेस ने आपके बच्‍चों को बाहर किया और अपने बच्‍चों को अंदर किया।  उन्‍होंने कहा कि छत्‍तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार आपको लूटने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। इन्‍होंने तो महादेव के नाम को भी नहीं छोड़ा है। दो दिन पहले ही भिलाई में कार्रवाई हुई है। रुपयों का ढेर मिला है। लोग कह रहे हैं कि ये पैसा सट्टेबाजों का है, जुए का खेल खेलने वालों का है।

प्रधानमंत्री ने कहा, यहां की कांग्रेस पार्टी और मुख्‍यमंत्री ने छत्‍तीसगढ़ की जनता को बताना चाहिए कि दुबई में बैठे घोटाले के आरोपितों के साथ क्‍या संबंध है। आखिर क्‍यों ये पैसा पकड़े जाने के बाद मुख्‍यमंत्री बौखला गए हैं। राज्‍य में भाजपा सरकार बनने के बाद ऐसे घोटालों की सख्‍ती से जांच की जाएगी। आपका पैसा लूटने वालों को जेल भेजा जाएगा। मोदी ने कहा – मोदी को ये कांग्रेसी दिन रात गालियां देते हैं, हर दिन मैं 2-2.5 किलो गालियां खाता हूं। यहां के मुख्यमंत्री देश की जांच एजेंसियों और देश के सुरक्षाबल को भी गाली देने लगे हैं। इन साथियों पर भी आरोप लगा रहे हैं। मैं अपने भाइयों और बहनों से कहूंगा कि ये मोदी है गालियों से डरता नहीं है। भ्रष्टाचारियों का हिसाब करने के लिए ही तो जनता ने मोदी को दिल्ली भेजा है। जिन्होंने यहां के गरीब को लूटा है, उस पर कार्रवाई होकर रहेगी। उससे पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा।

देश के 80 करोड़ गरीबों को पांच साल देंगे मुफ्त राशन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा – मैंने निश्चय कर लिया है कि देश के 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन देने वाली योजना को भाजपा सरकार अब अगले 5 साल के लिए और बढ़ाएगी। आपका ये प्यार और आशीर्वाद मुझे हमेशा पवित्र निर्णय करने की ताकत देता है।

कांग्रेस ने गरीब को धोखा देने के सिवाय कुछ नहीं दिया। मोदी ने कहा, गरीब की चिंता भाजपा की प्राथमिकता रही है। ये छत्‍तीसगढ़ की जनता को मोदी की गारंटी है। छत्‍तीसगढ़ के लोगों को एक और बात कहूंगा, भाजपा सरकार ने ऐसा काम किया है, जिससे लोगों को वन नेशन वन कार्ड के जरिए पूरे देश में राशन मिलेगा। भाजपा सरकार गरीब के इलाज की चिंता कर रही है। आयुष्‍मान स्‍वास्‍थ्‍य योजना के तहत स्‍वास्‍थ्‍य का लाभ ले सकता है।

सीएम भूपेश बघेल ने किया पलटवार 

उन्होंने कहा, “मैं पीएम से पूछना चाहता हूं कि आपकी डील क्या है? अगर डील नहीं हुई है, तो ऐप बंद क्यों नहीं कर रहे हैं? बिना किसी जांच के आपने आरोप लगा दिया। ईडी और आईटी घूम रही है, होटल में पैसा कैसे पहुंचा?”

बीजेपी द्वारा सीएम भूपेश बघेल पर महादेव सट्टेबाजी ऐप से संबंधित आरोपों पर छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। मोदी ने कहा “ये लोग सीधी लड़ाई नहीं लड़ सकते,ये लोग ईडी और आईटी माध्यम से चुनाव लड़ रहे हैं। पीएम मोदी पूछ रहे हैं, दुबई वालों से क्या संबंध है? मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि दुबई वालों से आपके क्या संबंध हैं? लुकआउट सर्कुलर जारी होने के बाद भी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? यह गिरफ्तारी करना भारत सरकार का कर्तव्य है।  क्यों महादेव ऐप बंद नहीं हुआ? ऐप बंद करना भारत सरकार का कर्तव्य है।”

केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही केंद्र सरकार

इधर कांग्रेस ने कहा है कि इस मामले को चुनाव आयोग (ईसी) के समक्ष भी उठाया जाएगा, क्योंकि यह आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला है। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में भाजपा की हार तय होने के कारण भगवा पार्टी ईडी और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

जयराम रमेश ने कहा, “राजस्थान और छत्तीसगढ़ के लोगों को कांग्रेस पर भरोसा है। भाजपा प्रतिशोध की राजनीति में लिप्त है।”

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि बघेल की छवि खराब करने की स्पष्ट साजिश है और लोग आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को करारा जवाब देंगे।

Check Also

जश्ने ईद मिलादुन्नबी : आज नेअमते उज़्मा कॉन्फ्रेंस, 26 को शान से निकलेगा जुलूसे मोहम्मदी 

THR CG NEWS जिनके आने से रौशन हुए दो जहां,  उनके कदमों की बरकत पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!