द सीजी न्यूज
उत्तर प्रदेश की एटीएस यानी आतंकवाद निरोधक दस्ता और दुर्ग पुलिस ने आज बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार स्टील सिटी भिलाई से एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी का नाम वहीजुद्दीन बताया गया है। उसे मंगलवार को शाम स्मृति नगर इलाके से एसबीआई कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद यूपी एटीएस वजीहुद्दीन को अपने साथ ले गई। दुर्ग पुलिस और एटीएस पिछले दो दिनों से संदिग्ध आतंकी वहीजुद्दीन की तलाश कर रही थी। बताया जा रहा है कि वजीहुद्दीन छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। उसने यूपी के एएमयू यानी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से पीएचडी भी की है। वह अलीगढ़ के एक निजी कोचिंग सेंटर में पढ़ाता था। यूपी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आतंकी वजीहुद्दीन और उसके साथ शामिल कई लोग देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दिनांक 7 नवंबर को एटीएस टीम जिला-झांसी (उ.प्र.) की टीम दर्ज मुकदमा 13/23 धारा 121(।), 122 भा.द.वि. व 13, 18 18(ठ), 38 विधि विरूद्ध क्रिया कलाप(निवारण) अधिनियम 1967 थाना एटीएस लखनऊ में पजीबद्ध अपराध के नामजद अभियुक्त वजीहउद्दीन वल्द वहीउद्दीन इदरीश पता-फिरदौस नगर जनपद अलीगढ़ (उ.प्र.) की तलाशी के लिए भिलाई आई थी।
सुपेला व स्मृति नगर चौकी की टीम, एटीएस उत्तर प्रदेश की टीम के साथ संयुक्त रूप से उक्त आरोपी को तलाश कर रही थी और गिरफ्तारी के लिए पिछले 24 घंटो से सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया था। दुर्ग पुलिस व एटीएस (उ.प्र.) की टीम द्वारा मामले के आरोपी वजीहउद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद दुर्ग पुलिस द्वारा आरोपी वजीहउद्दीन को एटीएस (उ.प्र.) के सुपुर्द कर दिया गया है।
आरोपी वजीहउद्दीन से प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि वह SAMU (स्टूडेंट आफ अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी) से जुड़ा है। ISIS की विचाराधारा का समर्थक व प्रचारक है। वह मोहम्मद रिजवान से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ा हुआ है, जो ISIS का सक्रिय सदस्य है और दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपी को गिरफ्तार करने में एटीएस (उ.प्र.) की टीम के साथ थाना सुपेला से थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा, स्मृति नगर चौकी प्रभारी नवीन राजपूत, आर आत्मानंद कोसरे, गोपाल लाम्बा, आर. जुनैद सिद्धीकी, महात्मा साहू, म.आर. नम्रता सिंह का विशेष योगदान रहा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
