द सीजी न्यूज
दुर्ग। केन्द्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और इनसे लाभ लेने वाले हितग्राहियों से संवाद करने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई विकसित भारत संकल्प यात्रा का जिले में शुभारंभ सांसद विजय बघेल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सांसद बघेल ने केन्द्र सरकार की योजनाओं की प्रचार-प्रसार वेन को हरी झण्डी दिखायी।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी की तैलचित्र पर मार्ल्यापण व समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव भी सम्मिलित हुए। शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए विजय बघेल ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि भारत की अखण्डता और विकास के लिए केन्द्र सरकार की योजनाओं को इस यात्रा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। सांसद बघेल ने लोगों का आह्वान किया कि विकास के लिए केन्द्र सरकार की योजनाओं से जुड़कर वे लाभान्वित होने आगे आएं।
कार्यक्रम के अध्यक्ष विधायक गजेंद्र यादव ने कहा कि केन्द्र सरकार की योजनाओं को देश व प्रदेश के घर-घर तक पहुंचाने यह केन्द्र सरकार की अभिनव पहल है। उन्होंने सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभान्वित होने लोगों से अपील की। सांसद बघेल और विधायक यादव ने कार्यक्रम स्थल पर विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर लाभान्वित हितग्राहियों से रू-ब-रू चर्चा भी की। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के लिए विडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संदेश दिए।
विधायक यादव ने अपने करकमलों से उज्जवला गैस योजना व अन्य योजनाओं के चयनित हितग्राहियों को सामग्री वितरण किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों को यात्रा की सफलता के लिए संकल्प भी दिलायी गई। इस अवसर पर कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक आर.जी.गर्ग, जिला पंचायत के सीईओ अश्वनी देवांगन, नगर निगम दुर्ग के आयुक्त लोकेश चन्द्राकर व अन्य विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
जिले के ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत विकासखण्ड दुर्ग के ग्राम चिखली व महमरा, धमधा विकासखण्ड के ग्राम पेण्ड्रावन और पाटन विकासखण्ड के ग्राम औंधी से भी विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया गया। दुर्ग नगरीय क्षेत्र में 17 दिसम्बर को पुलगांव बस्ती सामुदायिक भवन और कातुलबोर्ड चौक शासकीय स्कूल, 18 दिसम्बर को शक्ति नगर तालाब के पास और चन्द्रशेखर स्कूल नया पारा, 19 दिसम्बर को गोवर्धन चौक स्कूल उरला और बॉसपारा दुर्गा मंच के पास, 20 दिसम्बर को दशहरा मैदान पोटियाकला और बैगापारा मिनी स्टेडियम के पास और 21 दिसम्बर 2023 को गंजमंडी मैदान और मठपारा कबड्डी मैदान में विकसित भारत संकल्प यात्रा पहुंचेगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

