Breaking News

राहुल गांधी की ‘भारत न्याय यात्रा’ का आगाज मणिपुर से : 14 जनवरी से शुरू होगा 14 राज्यों में 6200 KM का सफर

द सीजी न्यूज

भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी आगामी 14 जनवरी से मणिपुर से मुंबई तक भारत न्याय यात्रा करेंगे। कांग्रेस पार्टी की भारत न्याय यात्रा शुरू होगी। राहुल गांधी मणिपुर से मुंबई तक जाएंगे। कांग्रेस के इस आयोजन में पार्टी आलाकमान के अलावा प्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता भी शामिल होंगे। भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर राहुल गांधी इस बार भी जनसंपर्क करेंगे। पूर्वोत्तर प्रदेश मणिपुर से 14 जनवरी को शुरू होने वाली यात्रा 20 मार्च को खत्म होगी। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि यात्रा के दौरान राहुल गांधी युवाओं, महिलाओं और  मौजूद लोगों से बातचीत करेंगे।

मणिपुर से यात्रा की शुरुआत को कांग्रेस का सियासी निशाना भी माना जा रहा है। इसी साल मई महीने में हिंसक घटनाओं और जातीय टकराव के कारण मणिपुर लगातार सुर्खियों में रहा था। संवेदनशील हालात को देखते हुए खुद गृह मंत्री अमित शाह को मणिपुर दौरा करना पड़ा था। कूकी और मैतेई समुदाय के टकराव और हिंसा के दौरान ‘महिलाओं की नग्न परेड’ जैसी शर्मसार करने वाली घटनाएं भी सामने आई थीं। इस मुद्दे पर संसद में भी हंगामा हुआ था।

इन प्रदेशों को कवर करेगी भारत न्याय यात्रा

वेणुगोपाल ने कहा कि भारत न्याय यात्रा 6,200 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। मणिपुर से शुरुआत के बाद कांग्रेस नेता नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में भी जाएंगे। सबसे अंत में भारत न्याय यात्रा महाराष्ट्र पहुंचेगी। मुंबई में 20 मार्च को यात्रा का समापन होगा।

कांग्रेस वर्किंग कमेटी में भारत न्याय यात्रा पर चर्चा

वेणुगोपाल ने बताया कि बीते 21 दिसंबर को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से 14 जनवरी से मणिपुर से मुंबई तक ‘भारत न्याय यात्रा’ आयोजित करने का फैसला लिया गया। समिति ने स्वीकार किया कि राहुल गांधी को पूर्व से पश्चिम तक जाने वाली इस यात्रा की शुरुआत मणिपुर से ही करनी चाहिए। राहुल गांधी भी समिति में बनी आम सहमति पर राजी हो गए।

14 राज्यों और 85 जिलों से गुजरेगी यात्रा

65 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान राहुल और अन्य कांग्रेस नेता 14 राज्यों और 85 जिलों से गुजरेंगे। भारत जोड़ो यात्रा के विपरीत इस बार बस से 6,200 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा। कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल के मुताबिक बस यात्रा के दौरान आम लोगों को बड़ी संख्या में राहुल से मिलने का मौका मिलेगा। पूरे सफर के दौरान समय-समय पर थोड़ी दूरी तक पदयात्रा की योजना भी बनाई गई है।

राहुल गांधी 150 दिनों की भारत जोड़ो यात्रा में 4500 किमी घूमे

इससे पहले राहुल गांधी ने पिछले साल 6 सितंबर को कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी। 150 दिनों में 4500 किलोमीटर से अधिक की पदयात्रा के दौरान व्यापक जनसंपर्क अभियान हुआ था। भारत जोड़ो यात्रा बेहद चर्चित रही थी। सफलता से उत्साहित कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल से एक और यात्रा शुरू करने का अनुरोध कर रहे थे। अब राहुल गांधी दूसरी बार यात्रा शुरू करेंगे।

Check Also

टाउनशिपवासी बोले – डॉयलागबाजी की बजाय केंद्रीय इस्पात मंत्री या बीएसपी प्रबंधन से करें सार्थक चर्चा करें … बलिदान देने की बयानबाजी बेतुकी …

द सीजी न्यूज लीज, रिटेंशन और लाइसेंसधारकों को बीएसपी प्रबंधन की नोटिस मिलने के मुद्दे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!