द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित भाजपा के दिग्गज नेताओं ने दुर्ग संभाग के कार्यकर्ताओं का आभार जताया। बीजेपी के प्रदेश नेतृत्व ने आभार जताते हुए आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आव्हान भी किया। दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम में भाजपा का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया जिसमें सीएम ने 20 विधानसभा के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बनने के बाद सीएम विष्णुदेव साय का आज पहली बार दुर्ग आगमन हुआ। रविशंकर स्टेडियम में आयोजित संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में बीजेपी प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा भी मौजूद रहे। सीएम साय सहित उनके कैबिनेट मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं का भारी उत्साह देखने मिला।
गौरतलब है कि संभाग के 20 में से 10 सीटों पर पार्टी की जीत हुई है। इन सभी क्षेत्रों के पार्टी कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव में भारी जीत दिलाने और राज्य में भाजपा की सरकार बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार दिग्गज नेताओं ने माना। इस मौके पर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत ने प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनाई है। जिनका आभार व्यक्त करने संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया है। इस सम्मेलन में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त कर रहा हूं। साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभी गारंटियों को छत्तीसगढ़ में लागू किया जाएगा। 18 लाख आवास निर्माण की गारंटी पर काम शुरू हो गया है। उज्जवला गैस योजना के सिलेंडर 5 सौ रुपए में उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यकर्ता सम्मेलन को उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, पंडरिया विधायक भावना बोथरा, साजा विधायक ईश्वर साहू, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय, पूर्व मंत्री जागेश्वर साहू, तुलसी साहू, दिनेश देवांगन, मनोज मिश्रा, राजेंद्र पाध्ये, सहित बड़ी तादाद में भाजपा नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal