द सीजी न्यूज
दुर्ग/ कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रति सोमवार आयोजित कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने जिले के विभिन्न स्थानों से आवेदन लेकर पहुंचें लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही करने के लिए आवश्यक पहल करने कहा। जनदर्शन में आज 170 आवेदन प्राप्त हुए।
प्रोफेसर कॉलोनी के निवासियों ने अवैध रूप से संचालित दुकानों की शिकायत करते हुए बताया कि आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल और साइंस कॉलेज के पास प्रोफेसर कॉलोनी दीपक नगर जाने वाले रोड पर अवैध रूप से दुकानों का संचालन किया जा रहा है, दुकानों में आने वाले ग्राहक रोड पर गाड़ी खड़ी कर देते हैं, जिससे कॉलोनी में आने जाने वालों को परेशानी होने के साथ वाद विवाद की स्थिति निर्मित होती है। स्कूल की निर्धारित परिधि के आसपास दुकानों के संचालन से असामाजिक व मनचले युवाओं द्वारा स्कूल में जाने वाले बच्चों से छेड़खानी करते हैं। कलेक्टर ने उनकी समस्याओं को ध्यान देते हुए नगर निगम दुर्ग को आवश्यक कार्यवाही करने कहा।
पोटियाकला वासियों ने स्ट्रीट लाइट लगाने आवेदन दिया। खोपली निवासी ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। खोपली निवासी गंगा अत्यंत गरीब और कमजोर वर्ग की है। रोजी मजदूरी कर अपना भरण पोषण करती है। आर्थिक रूप से सक्षम न होने के कारण अपना इलाज करवाने में असमर्थ है। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
मिनी स्टेडियम पद्यनाभपुर के निवासियों ने शिकायत करते हुए बताया कि मिनी स्टेडियम में साल भर होने वाले क्रिकेट मैच में लाउडस्पीकर, डीजे और ड्रम का उपयोग करते हैं, जिससे ध्वनि प्रदूषण होता है, जो रात 12 बजे तक चलता रहता है। क्षेत्र के आसपास के निवासियों विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को इन घटनाओं के कारण ध्वनि प्रदूषण के साथ कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। नागरिकों ने कहा कि मिनी स्टेडियम में होने वाले आयोजनों से शिकायत नही है, बल्कि ध्वनि प्रदूषण से होने वाली तकलीफों से है। कलेक्टर ने नगर निगम दुर्ग को आवश्यक कार्यवाही करने कहा। ग्राम खपरी निवासी कृषक ने खेत के पानी निकासी हेतु नाली निर्माण के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने तहसीलदार दुर्ग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
