- नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत का बीजेपी पर बड़ा हमला, कहा – हमारे नेताओं को डराया जा रहा
द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ में नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा द्वारा कांग्रेस नेताओं को डराया जा रहा है। डरा- धमकाकर अपनी पार्टी में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस के दो बड़े नेताओं का नाम लेते हुए कहा कि भाजपा पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल पर दबाव बना रही है। उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है, ताकि वो बीजेपी में शामिल हो जाएँ।
उन्होंने कहा कि पूर्व संगठन महामंत्री अरुण सिसोदिया को भी धमकियां मिली हुई है जिससे उन्हें बीजेपी में शामिल किया जा सके। इन दोनों कांग्रेस नेताओं को बीजेपी ने अपने रडार में लेकर लगातार कांग्रेस के खिलाफ षड्यंत्र शुरू किया है। ताकि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हिम्मत को तोड़ा जा सके। चरण दास महंत ने कहा कि जांजगीर से लेकर तमाम लोकसभा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को डराया-धमकाया जा रहा है। जो नेता बीजेपी की बात नहीं मान रहे हैं, उन्हें मामलों में फ़ंसाने की धमकी दी जा रही है, लेकिन कांग्रेस और कांग्रेस के कार्यकर्ता डरने वालों में से नहीं।
रायपुर में महंत ने कहा कि भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं रह गया है। इसके कारण हमारे जनपद सदस्य से लेकर विधायकों तक को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। राजनांदगांव में भूपेश बघेल के सामने मंच पर कार्यकर्ता के आरोपों को भी महंत ने भाजपा की साजिश बताया है।
महंत ने कहा कि पूर्व CM भूपेश बघेल, जिस मामले में स्वयं 2022 से कार्रवाई कर रहे हैं और 72 केस दर्ज किए, 400 लोगों की गिरफ्तारियां हुईं। उसी मामले में भूपेश बघेल पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। जबरदस्ती FIR में उनका नाम जोड़कर परेशान करने की कोशिश हो रही है। षड्यंत्र के तहत उनका नाम डाला गया है।
महंत ने कहा कि, ये उन्हें पूरी तरह से डराने और धमकाने की कोशिश है। यह बात अबजग जाहिर हो चुकी है, लेकिन हमारे नेता ने हिम्मत से काम लिया। उन्होंने कहा कि, न तो मैं कोर्ट जाऊंगा, न ही जमानत लूंगा। मैं अपनी लड़ाई खुद लड़ूंगा और उनकी इस लड़ाई में हम सब उनके साथ हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
