- दफ्तर के बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़, कार्यकर्ताओं को भी पीटा : भाजपा पर हमला करने का आरोप
द सीजी न्यूज
अमेठी के गौरीगंज में कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय के बाहर आधी रात अराजकतत्वों ने अचानक कई गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। विरोध करने पहुंचे कुछ कांग्रेसियों को जमकर पीटा गया। हमले में चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चोटें आईं हैं। कांग्रेस ने भाजपा पर हमला करने का आरोप लगाया है। एएसपी हरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना हुई है आरोपों की जांच की जा रही है।
घटना रविवार देर रात पौने 12 बजे के करीब उस समय हुई जब कार्यालय में कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह ने भाजपा पर हमला करने का आरोप लगाते हुए कहाकि पुलिस के सामने सब कुछ हुआ और वह देखती रही। कांग्रेस के लोग कार्यालय से बाहर पहुंचे तो हमलावर भाग खड़े हुए।
इधर, आप पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा है कि सत्ता हाथ से जा रही है तो मोदी एंड कंपनी बौखला गई है। अमेठी में कांग्रेस आफिस पर हमला हार की हताशा में गुंडागर्दी का प्रदर्शन है।
कांग्रेस के पूर्व एमएलसी दीपक सिंह ने कहा कि भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने शराब के नशे में उत्पात किया है। कांग्रेस के कार्यकर्ता इससे डरने वाले नहीं हैं। वहीं भाजपा ने आरोपों का खंडन किया है। एएसपी हरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना हुई है, आरोपों की जांच की जा रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

