- आंगनबाड़ी केन्द्रों में भर्ती प्रक्रिया के दौरान दावा-आपत्ति के समय नये डाक्यूमेंट स्वीकार नहीं होंगे
- जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हो शाला प्रवेशोत्सव
- समितियों में खरीफ धान एवं खाद की पर्याप्त भंडारण के साथ वितरण भी समय पर हो
- कलेक्टर ने की समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा
द सीजी न्यूज
दुर्ग / जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतवार और नगरीय क्षेत्रों में वार्डवार अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान आयुष्मान कार्ड बनाने सेे छुटे सभी लोगों के कार्ड बनाये जाएंगे। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज अधिकारियों की समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में कहा कि जिले में लोगों को चिकित्सा सुविधा मुहैय्या कराने प्रत्येक परिवार के सभी सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाना है। उन्होंने जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के अधिकारियों को अभियान चलाकर लक्ष्य पूरा करने आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए। इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने चिप्स के ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को निर्देशित किया।
शासन की योजनाओं से लाभान्वित होने दस साल पूर्व बने आधार कार्डों का अपडेशन करने के निर्देश भी दिये। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केन्द्रों में भर्ती प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में कार्यकर्ता व सहायिकाओं की भर्ती समय पर हो। समिति द्वारा निर्णय लेने में विलंब होने पर अधिकारी सीधे फाइल कलेक्टर को प्रस्तुत कर सकते हैं। कलेक्टर ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान आमंत्रित दावा आपत्ति के समय किसी भी प्रकार की नया डाक्यूमेंट स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारी इस पर विशेष ध्यान दें।
कलेक्टर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार नगरीय निकाय चुनाव के पूर्व वार्डों का परिसीमन होगा। अधिकारी निर्धारित कार्यक्रम अनुसार शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वार्ड परिसीमन का कार्य पूर्ण कराएं। उन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत सत्र 2024-25 हेतु एडमिशन में हुई कथित गड़बड़ी की जानकारी लेते हुए फर्जीवाड़ा करने वालों के विरूद्ध प्रथम प्राथमिकी दर्ज कराने डी.ई.ओ. को निर्देशित किया। स्थानीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी में शाला प्रवेशोत्सव आयोजित कर विद्यार्थियों को किताबें, गणवेश और साइकिल वितरित करने कहा।
डी.ई.ओ. ने बताया कि आर.टी.ई. के तहत एडमिशन में हुई गड़बड़ी की जांच के बाद संबंधित पालकों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पत्र और दस्तावेज पुलिस अधीक्षक को प्रेषित कर दिये गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले के समस्त शालाओं में 26 व 27 जून को शाला प्रवेशोत्सव मनाया जाएगा। इसी प्रकार 28 जून को संकुल स्तर पर और 01, 02, 03 जुलाई को विकासखण्ड स्तर पर और 05 जुलाई को जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर ने जिले में खरीफ धान, बीज और खाद उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले के सहकारी समितियों में खरीफ धान की बीज और खाद के पर्याप्त भंडारण के साथ किसानों को समय पर वितरण सुनिश्चित किया जाए। सी.सी.बी. के नोडल अधिकारी ने बताया कि किसानों की सुविधा हेतु यूरिया, सुपर फास्फेट, डीएपी, ईफको, पोटाश, उर्वरकों एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता करा दी गई है। किसान अग्रिम उठाव कर रहे हैं।
कलेक्टर ने सारथी एप, पीजी पोर्टल और पीजीएन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पीजी पोर्टल के एक साल से ऊपर के प्रकरण आगामी टीएल के पहले निराकृत करने वहीं पीजीएन के प्रकरण 03 माह से अधिक लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए। उन्होंने युवा मितान क्लब से संबंधित स्वीकृत राशि का यूसी/सीसी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र प्रस्तुत करने कहा।
उन्होंने कैच द रैन अंतर्गत जल संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु नगरीय निकायों की कार्य गतिविधियों की जानकारी ली। वहीं शासकीय भवनों में रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, नालों की सफाई व सोखपिट निर्माण पर जोर देने कहा। वृक्षारोपण के लिए नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में जगह चिन्हांकित करने व सड़क किनारे वृहद पैमाने पर वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को जिले में नदियों के तटीय भूभाग चिन्हित कर बड़े पैमाने पर पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार स्कूल परिसर में जगह उपलब्धता के आधार पर फलदार पौधे रोपण कराने डी.ई.ओ. को निर्देशित किया।
कलेक्टर ने नगरीय निकायों की भांति ग्रामीण क्षेत्रों में भी सूखा कचरा और गीला कचरा के संग्रहण एवं निष्पादन हेतु आवश्यक पहल करने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में एडीएम अरविन्द एक्का, नगर निगम भिलाई के आयुक्त देवेश ध्रुव, जिला पंचायत के सीईओ अश्वनी देवांगन, अपर कलेक्टर बी.के. दुबे, नगर निगम भिलाई-चरौदा के आयुक्त दशरथ राजपूत, नगर निगम रिसाली के आयुक्त मोनिका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी सहित सभी एसडीएम, सभी जनपद सीईओ व समस्त विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
