Breaking News

प्रवचनकर्ता को सरकारी सुविधा देकर करदाताओं की कमाई लुटा रही राज्य सरकार : शर्मा

द सीजी न्यूज

भिलाई। समाजवादी जनता पार्टी (चंद्रशेखर) के राष्ट्रीय महासचिव आरपी शर्मा ने छत्तीसगढ़ में प्रवचनकारों द्वारा बदजुबानी किए जाने पर गहन क्षोभ जताया है। शर्मा ने जारी बयान में कहा है कि देश संकट की घड़ी से गुजर रहा है और साधु-संत के भेष में कुछ लोग भाजपा के पक्ष में समुदाय विशेष का ध्रुवीकरण करने पर उतारू है। शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार एक प्रवचनकर्ता को हवाई जहाज सहित कई सरकारी सुविधाएं देकर करदाताओं की गाढ़ी कमाई लुटा रही है, जो तुष्टिकरण की नीति का भौंडा प्रदर्शन है। इस पर रोक लगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कथित तौर पर कुछ प्रवचनकर्ता देश में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करने पर उतारू है। यह स्वस्थ लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक  है। आज जिस तरीके से भिलाई में एक प्रवचनकर्ता लगातार भड़काऊ और आपत्तिजनक बयानबाजी कर रहा है, यह चिंतनीय है। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने इस खतरे को लेकर साल 2003 में ही आगाह कर दिया था। उन्होंने कुछ धर्म गुरुओं पर तत्कालीन एनडीए सरकार की भाषा बोलने पर आपत्ति जताई थी। आज सारा घटनाक्रम स्व चंद्रशेखर की उसी चिंता को वैध ठहरा रहा है।

शर्मा ने कहा कि कथावाचक का भाजपा की भाषा का इस्तेमाल करने के कारण ही छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कड़ा प्रतिवाद किया। लोकतंत्र में किसी कथा वाचक द्वारा ‘देश छोड़कर चले जाओ या ‘खुजली जैसी बेहूदा बातें कहना बेहद आपत्तिजनक है। एक प्रवचनकर्ता को भाजपा के कुछ नेताओं की राजनीति चमकाने के नाम पर आगे किया जा रहा है। सबसे आपत्तिजनक तथ्य यह है कि प्रवचनकर्ता के लिए राज्य सरकार का विशेष विमान मुहैया कराया जा रहा है। देशवासियों के गाढ़े पसीने की कमाई का टैक्स ऐसे फर्जी और कर्कश प्रवचनकर्ताओं पर लुटाने के लिए नहीं है।

आज ज्यादातर प्रवचनकर्ता धन संपदा और राज्याश्रय का भौंडा प्रदर्शन कर रहे हैं। शर्मा ने कहा कि साधु-संत त्यागी होते हैं। छत्तीसगढ़ की धरती त्यागी संत महात्माओं की धरती है। यहां के प्रवचनकर्ताओं और संतों ने कभी अपने प्रभाव का ऐसा भौंडा प्रदर्शन नहीं किया। शर्मा ने आरोप लगाया कि शांतिप्रिय प्रदेश में अशांति का माहौल बनाने का षड्यंत्र रचा जा रहा है इस पर अंकुश लगाना जरूरी है।

Check Also

हत्या के मामले में 7 गिरफ्तार

द सीजी न्यूज दुर्ग। शहर के पटरीपार क्षेत्र में शिव जी की बारात के दौरान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!