Breaking News

नए साल के जश्न को लेकर पुलिस की सख्त गाइडलाइन : हाई अलर्ट मोड पर रहेगी दुर्ग पुलिस

  • सड़क पर केक काटने या स्टंटबाजी करने पर सीधे भेजे जाएंगे जेल

द सीजी न्यूज

दुर्ग। नए साल के जश्न को लेकर पुलिस ने सख्त गाइडलाइन जारी करते हुए कहा है कि हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस की सख्त नजर रहेगी। सड़कों पर हुड़दंग, स्टंटबाजी करने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा। 31 दिसंबर की रात और नए साल के पहले दिन पुलिस हाई अलर्ट मोड पर रहेगी।

सार्वजनिक स्थानों, चौक चौराहों के अलावा सड़कों पर होने वाली हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। नियम तोडऩे पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नए साल की रात शराब पीकर वाहन चलाने, स्टंट बाइकिंग, ट्रिपल राइडिंग और सार्वजनिक शांति भंग करने की घटना का पता चलने पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। किसी भी हाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगडऩे नहीं दी जाएगी।

पुलिस की गाइडलाइन के अनुसार सड़कों पर केक काटना या सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। चलते वाहन की छत (रूफटॉप) पर खड़े होकर स्टंट करना, वाहन से शरीर बाहर निकालना, ट्रिपल राइडिंग और स्टंट बाइकिंग करने वालों पर फौरन कार्रवाई की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव) के मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

बिना अनुमति डीजे या तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाना, कोलाहल अधिनियम का उल्लंघन, गाली-गलौज करना या किसी भी तरह से सार्वजनिक शांति भंग करने पर चालान, लाइसेंस जब्ती, वाहन सीज करने और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। नववर्ष की रात जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, होटल, ढाबे, क्लब और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी और कई स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। ड्रिंक एंड ड्राइव रोकने के लिए ब्रेथ एनालाइजर से सघन जांच की जाएगी। एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि आम नागरिकों से नए साल का स्वागत खुशी, शांति और जिम्मेदारी के साथ करने की अपील की गई है। खुद सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479192099 पर दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। जरूरी है कि जश्न कानून के दायरे में मनाया जाए।

Check Also

हत्या के मामले में 7 गिरफ्तार

द सीजी न्यूज दुर्ग। शहर के पटरीपार क्षेत्र में शिव जी की बारात के दौरान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!