Breaking News

वेद और विज्ञान के समन्वय पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती

  • शैलदेवी महाविद्यालय में तीन दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार आज से, जुटेंगे 2 हजार विद्यार्थी

द सीजी न्यूज

दुर्ग। श्री गोवर्धनमठ पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य श्री निश्चलानंद सरस्वती महाराज दुर्ग जिले के ग्राम अंडा स्थित शैल देवी महाविद्यालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार में भारतीय ज्ञान परंपरा और विज्ञान व वेदांत विषय पर विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनका मार्गदर्शन करेंगे। राष्ट्रीय सेमिनार को लेकर शंकराचार्य महाराज 29, 30 और 31 जनवरी को ग्राम अंडा (दुर्ग) के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान शंकराचार्य श्री निश्चलानंद सरस्वती महाराज शैलदेवी महाविद्यालय कैंपस में राष्ट्रीय सेमिनार और धर्मसभा को संबोधित करेंगे।

राष्ट्रीय सेमिनार में शोधार्थी छात्रों द्वारा अपने शोध पत्र भी प्रस्तुत किए जाएंगे वहीं शंकराचार्य श्री निश्चलानंद सरस्वती महाराज द्वारा श्रद्धालुओं को दीक्षा भी दिलाई जाएगी। इसके लिए पंजीयन करवाना अनिवार्य है। राष्ट्रीय सेमिनार का शुभारंभ 29 जनवरी को सुबह 11:30 बजे होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के कुलपति प्रो. संजय तिवारी होंगे। कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ वक्ता के रूप में अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय बिलासपुर के कुलपति प्रो. अरुण दिवाकर नाथ वाजपेई, शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज रीवा (मध्य प्रदेश) के प्रो. उत्तम द्विवेदी, शासकीय कमलादेवी राठी महिला पीजी कॉलेज राजनांदगांव के प्रो. ओंकार लाल श्रीवास्तव, शैलदेवी महाविद्यालय अंडा दुर्ग के चेयरमैन राजन कुमार दुबे मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रीय सेमिनार में करीब 2 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। शंकराचार्य श्री निश्चलानंद सरस्वती महाराज के धर्मसभा एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का प्रवेश पूर्णता नि:शुल्क होगा। यह बातें शैलदेवी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. केएन मिश्रा ने बुधवार को मीडिया से चर्चा में कही। इस दौरान आयोजन समिति के नीतीश तिवारी, रोहन झा, एवन कुमार भी मौजूद रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. केएन मिश्रा ने बताया कि यह पूरा कार्यक्रम शंकराचार्य श्री निश्चलानंद सरस्वती महाराज के सानिध्य में आयोजित किया गया है।

निर्धारित कार्यक्रम अनुसार शंकराचार्य महाराज का 29 जनवरी की शाम 5 बजे शैलदेवी महाविद्यालय में आगमन होगा। वें 30 और 31 जनवरी को दर्शन, संगोष्ठी व धर्मसभा में विद्यार्थियों के अलावा श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे। दोनों दिन यह कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा। 1 फरवरी की शाम 5 बजे शंकराचार्य महाराज रायपुर आश्रम के लिए प्रस्थान करेंगे। प्राचार्य डॉ. केएन मिश्रा ने बताया की नई पीढ़ी को विज्ञान की समझ है, लेकिन वेद और विज्ञान का समन्वय स्थापित कैसे होगा, इन सारे विषयों से विद्यार्थियों को अवगत कराना राष्ट्रीय सेमिनार का मुख्य उद्देश्य है।

Check Also

हत्या के मामले में 7 गिरफ्तार

द सीजी न्यूज दुर्ग। शहर के पटरीपार क्षेत्र में शिव जी की बारात के दौरान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!