Breaking News

मुस्लिम समाज का सामुदायिक भवन बनाने पर आपत्ति : विवाद के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

द सीजी न्यूज

भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-2 इलाके में गुरुवार को सुबह सामुदायिक भवन निर्माण के लिये भूमिपूजन को लेकर विवाद शुरू हो गया। मुस्लिम समाज के सामुदायिक भवन का निर्माण करने नगर निगम ने स्वीकृति दी थी। इसके लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है। आज सुबह भूमिपूजन कार्यक्रम तय था। इसी दौरान स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताते हुए भवन निर्माण का विरोध शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर सामुदायिक भवन बनाया जा रहा है, उसके सामने पुराना मंदिर है। सामुदायिक भवन बनने पर यहां नॉनवेज भोजन भी बनाया जाएगा। इससे मंदिर की आस्था को ठेस पहुंचेगी। इसी कारण सामुदायिक भवन निर्माण का विरोध किया जा रहा है।
इधर, मुस्लिम पक्ष का कहना है कि उन्होंने संवैधानिक तरीके से समाज के लिए सामुदायिक भवन की मांग की थी। नगर निगम से इसकी स्वीकृति मिलने के बाद आज भूमिपूजन होना था, लेकिन विरोध के चलते कार्यक्रम रोकना पड़ा। मुस्लिम समाज के सैय्यद मुश्ताक ने कहा कि अगर भवन नहीं बनता है तो भी उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। यहां वर्षों से भाईचारे के साथ रहते आए हैं। आगे भी शांति बनाए रखेंगे।
हिंदू संगठन बजरंग दल के सहसंयोजक अजय सिंह ने आरोप लगाया कि भूमिपूजन कार्यक्रम में हिंदू समाज के लोगों को आमंत्रित नहीं किया गया था। केवल मुस्लिम समाज के लोग ही शामिल थे। उन्होंने कहा कि यह भवन सिर्फ  एक समुदाय के लाभ के लिए बनाया जा रहा है। इसलिए मोहल्लेवासियों ने इसका विरोध किया।
विवाद की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया। पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ देर के लिए झड़प जैसी स्थिति निर्मित हो गई थी। पुलिस की मौजूदगी से माहौल शांत हो गया है। प्रशासन ने दोनों पक्षों से बातचीत कर आगे की कार्रवाई और समाधान निकालने की बात कही है।

Check Also

टाउनशिपवासी बोले – डॉयलागबाजी की बजाय केंद्रीय इस्पात मंत्री या बीएसपी प्रबंधन से करें सार्थक चर्चा करें … बलिदान देने की बयानबाजी बेतुकी …

द सीजी न्यूज लीज, रिटेंशन और लाइसेंसधारकों को बीएसपी प्रबंधन की नोटिस मिलने के मुद्दे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!