Breaking News

ऊर्जा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की प्रगति बेमिसाल, 25 वर्षों में 74 हजार से बढ़कर 8.5 लाख हुए कृषक उपभोक्ता – गजेन्द्र

द सीजी न्यूज

दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत आज छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) दुर्ग क्षेत्र द्वारा शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय (साइंस कॉलेज) दुर्ग परिसर स्थित राधाकृष्ण सभागार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। गजेंद्र ने कहा कि राज्य गठन के बाद 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने सर्वाधिक प्रगति ऊर्जा क्षेत्र में की है। राज्य गठन के समय मात्र 74,000 कृषक उपभोक्ता थे, जो आज बढ़कर 8.5 लाख हो चुके हैं। वर्तमान विष्णुदेव साय सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए कहा कि नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर प्लांट और विद्युत ट्रांसफार्मर के नए प्लांट लगने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना पर जोर देते हुए कहा कि हमें अब ऊर्जा के नए विकल्पों की ओर बढऩा होगा, ताकि उपभोक्ताओं को बिजली बिल से मुक्ति मिल सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने ऊर्जा शक्ति को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे ने लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया और 25 वर्षों में हुए विद्युत विकास की सराहना की। कार्यक्रम के प्रारंभ में सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता संजय खंडेलवाल ने दुर्ग क्षेत्र में 25 वर्षों में हुए विद्युत विकास को साझा किया।
समारोह में विभाग के प्रति समर्पित सेवा देने वाले सेवानिवृत्त अधिकारियों, कर्मचारियों को शाल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। समय पर बिल भुगतान करने वाले और ऊर्जा संरक्षण अपनाने वाले आदर्श घरेलू, कृषि व बीपीएल उपभोक्ताओं सहित सर्वप्रथम सौर ऊर्जा अपनाने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में ओपन चित्रकला प्रतियोगिता, साइंस कॉलेज में आयोजित नारा लेखन, निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर विभाग द्वारा विशेष स्टॉल लगाए गए थे, जहां पीएम सूर्यघर योजना के लिए ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा और तकनीकी मार्गदर्शन के लिए विशेषज्ञ डेस्क उपलब्ध रहे। इस अवसर पर अति विशिष्ट अतिथियों में विधायक अहिवारा डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, विशेष अतिथि साइंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ अजय सिंह व अन्य जनप्रतिनिधियों सहित सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के समस्त अधिकारी, कर्मचारी व बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता व विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के अतिरिक्त मुख्य अभियंता एच के मेश्राम ने किया।

Check Also

टाउनशिपवासी बोले – डॉयलागबाजी की बजाय केंद्रीय इस्पात मंत्री या बीएसपी प्रबंधन से करें सार्थक चर्चा करें … बलिदान देने की बयानबाजी बेतुकी …

द सीजी न्यूज लीज, रिटेंशन और लाइसेंसधारकों को बीएसपी प्रबंधन की नोटिस मिलने के मुद्दे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!