Breaking News

भगवान का जन्मदिन सिर्फ एक दिन … फिर नरेंद्र मोदी ऐसा कौन सा भगवान है कि उनका जन्मदिन एक महीने तक मनाया जा रहा : कांग्रेस

THE CG NEWS

दुर्ग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा द्वारा आयोजित सेवा संकल्प अभियान को लेकर आज राजीव भवन में कांग्रेस ने जमकर हमला बोला। जिला कांग्रेस दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर, जिला कांग्रेस दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और भिलाई नगर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से दीपक जलाने और उसकी फोटो-वीडियो साझा करने जैसी गतिविधियों के निर्देश दिए जा रहे हैं।

कांग्रेस ने इसे सरकारी योजनाओं के राजनीतिक प्रचार से जोड़ने का प्रयास बताते हुए सवाल उठाया कि सरकार की योजनाओं का लाभ किसी व्यक्ति विशेष की निजी संपत्ति से नहीं, बल्कि जनता के टैक्स और सरकारी बजट से मिलता है।

जिला कांग्रेस दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि “भगवान का जन्मदिन एक दिन मनाया जाता है, नरेंद्र मोदी ऐसा कौन सा भगवान हैं कि उनका जन्मदिन एक महीने तक मनाने का आह्वान किया जा रहा है? प्रधानमंत्री के जन्मदिन को लेकर पूरे देश में लंबे समय तक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक को इसमें शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। जनसेवा के नाम पर सरकारी योजनाओं को किसी व्यक्ति विशेष के जन्मदिन के प्रचार से क्यों जोड़ा जा रहा है।

राकेश ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, लखपति दीदी सहित किसी भी सरकारी योजना का लाभ देश के नागरिकों को सरकार के बजट और जनता के पैसे से मिलता है। लाभार्थियों को किसी व्यक्ति विशेष के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए दीपक जलाने या उसका प्रचार करने के लिए कहना सरकारी योजनाओं को राजनीतिक कार्यक्रम से जोड़ने जैसा है। सरकारी योजना किसी नेता की निजी संपत्ति नहीं है और उसका लाभ लेना किसी पर एहसान नहीं है।

दीपक जलाने के आह्वान पर राकेश ठाकुर ने कहा कि “कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता से तेल की खपत कम करने की अपील कर रहे थे, और अब उनके जन्मदिन पर देशभर में करोड़ों दीपक जलाने का आह्वान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में सेवा और जनकल्याण की बात करती है तो जन्मदिन के अवसर पर जनता से दीपक जलवाने के बजाय बेरोजगार युवाओं को रोजगार, किसानों को उचित मूल्य, गरीब परिवारों को महंगाई से राहत और आम लोगों को बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं देने पर जवाब देना चाहिए।

राकेश ठाकुर ने कहा कि आज महंगाई के दौर में आम परिवार रसोई का खर्च चलाने के लिए संघर्ष कर रहा है। खाद्य सामग्री, सब्जियों, रसोई गैस और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों को लेकर जनता परेशान है। ऐसे समय में तेल खर्च कर दीपक जलाने का राजनीतिक आह्वान करने के बजाय सरकार को यह देखना चाहिए कि गरीब के घर में रसोई का चूल्हा पर्याप्त भोजन के साथ जल रहा है या नहीं।

दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीपक जलाने के अभियान से ज्यादा महत्वपूर्ण देश के युवाओं और आम परिवारों के सवाल हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से रोजगार के अवसर, बेरोजगारी की स्थिति और महंगाई को नियंत्रित करने के लिए उठाए गए कदमों पर स्पष्ट जवाब मांगा।उन्होंने कहा कि युवा रोजगार मांग रहा है, किसान अपनी फसल का उचित मूल्य मांग रहा है, श्रमिक सम्मानजनक आय मांग रहा है और आम परिवार महंगाई से राहत मांग रहा है।

प्रेस वार्ता में किसानों की आय, कृषि लागत, फसल के उचित मूल्य और ग्रामीण रोजगार के मुद्दे भी उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से पूर्व में किए गए किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों के खेतों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में वास्तविक सुधार दिखाई देना चाहिए, केवल योजनाओं और अभियानों का प्रचार पर्याप्त नहीं है।

भिलाई नगर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने नोटबंदी के निर्णय, जीएसटी व्यवस्था तथा अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने फैसलों के आर्थिक प्रभाव और जनता को हुए लाभ अथवा कठिनाइयों से संबंधित आंकड़े सार्वजनिक करने चाहिए। छोटे व्यापारियों और MSME क्षेत्र की समस्याओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को यह भी बताना चाहिए कि छोटे कारोबारियों को राहत देने के लिए किए गए उपायों का धरातल पर क्या प्रभाव पड़ा।

उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों में प्राकृतिक आपदाओं और बाढ़ जैसी परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों को राहत और सहायता की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में सरकार की प्राथमिकता राहत, पुनर्वास और जनसहायता होनी चाहिए।

प्रेसवार्ता में रायसिंह ढिकोला, नासिर खोखर, सौरभ ताम्रकार, पालेश्वर ठाकुर, श्रीकांत वर्मा, सुनीत घोष, अभिनव बघेल, हितेश निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Check Also

सृजन, कौशल और श्रम के सम्मान का संदेश देती है भगवान विश्वकर्मा की आराधना : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री निवास में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!