Breaking News

मानव मिलन सम्मेलन में संत कालिदास महाराज को मानव रत्न अलंकरण से किया सम्मानित

  • नेपाल सहित देश भर से जुटे मानव मिलन के प्रतिनिधि और अनुयायी

THE CG NEWS

दुर्ग। मानव मिलन का 32 वां अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन जैन संत एवं मानव मिलन के संस्थापक राष्ट्र संत मणिभद्र मुनि महाराज के पावन सानिध्य में जय आनंद मधुकर रतन भवन, बांधा तालाब, दुर्ग में आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन में नेपाल सहित देश के विभिन्न शहरों से मानव मिलन संस्था से जुड़े प्रतिनिधियों और गुरुभक्तों ने सहभागिता की।

वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक श्रमण संघ परिवार के बैनर तले आयोजित सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संस्था द्वारा संचालित सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक और सेवा गतिविधियों की जानकारी साझा की। सम्मेलन के दौरान मानव मिलन के सेवा व सामाजिक सरोकारों को और व्यापक बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।

संत श्री कालिदास जी महाराज को मानव रत्न अलंकरण

आयोजित धर्मसभा में मानव कल्याण, जीव दया व सेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान के लिए महामंडलेश्वर संत कालिदास महाराज को इस वर्ष के “मानव रत्न” अलंकरण से सम्मानित किया गया।

संत कालिदास महाराज विगत 48 वर्षों से अपनी कठोर तप साधना के लिए प्रसिद्ध हैं। वे प्रतिदिन केवल एक बार नारियल पानी ग्रहण करते हैं। चारों नवरात्रि के अवसर पर उनका नौ दिनों का निर्जल व्रत भी उनकी तपस्या का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

सम्मान प्राप्त करने के पश्चात संत कालिदास महाराज ने मानव मिलन संस्था द्वारा देशभर में किए जा रहे सामाजिक, शैक्षणिक व सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मानव मिलन के माध्यम से समाज सेवा और मानव कल्याण के लिए किए जा रहे कार्य प्रशंसनीय हैं।

उन्होंने नेपाल में आई जल प्रलय के दौरान मानव मिलन संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की भी भूरि-भूरि अनुमोदना की। उन्होंने कहा कि संत कालिदास ट्रस्ट भी इस पुण्य सेवा कार्य में सहयोगी बनेगा और मानव मिलन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सेवा कार्य करेगा। आज के कार्यक्रम में दुर्ग की महापौर अलका बाघमार विशेष रूप से उपस्थित रही

जयमल जयंती पर जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश

सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित जयमल जयंती समारोह में राष्ट्र संत मणिभद्र मुनि महाराज ने कहा कि संत जयमल के जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। यदि हम प्रत्येक वर्ष अपने जीवन की एक बुराई का त्याग करने का संकल्प लें और उसे अपने आचरण में उतारें, तो हर वर्ष जन्म जयंती महोत्सव मनाना सार्थक होगा।

भक्ति संध्या में गूंजे भक्ति गीत

सम्मेलन के अवसर पर आयोजित भव्य भक्ति संध्या में मुंबई के ख्यातिनाम भजन गायक मनोरंजन झा और भजन गायिका जमुना शर्मा ने सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सम्मेलन में शामिल अतिथियों के भोजन-प्रसादी की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का संचालन अंतरराष्ट्रीय मानव मिलन के महामंत्री अभय कोटेचा और श्रमण संघ परिवार से टीकम छाजेड़ ने किया।

आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के संयोजक निर्मल बाफना, प्रवीण श्रीश्रीमाल, धर्मचंद लोढ़ा, निर्मल रतन बोहरा, राकेश संचेती, संजय संचेती, अशोक रतन बोहरा व अक्षय सुराणा सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम में श्रमण संघ महिला मंडल और जय आनंद मधुकर पाठशाला के बच्चों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया।

दुर्ग में मानव मिलन की शाखा की घोषणा

सम्मेलन के दौरान राष्ट्र संत मणिभद्र मुनि महाराज ने दुर्ग में मानव मिलन की शाखा की घोषणा की। उन्होंने सुशील रूणवाल को अध्यक्ष और राजेश कोटेचा को महामंत्री घोषित किया।

Check Also

मिशन अमृत 2.0 से शहरों में बढ़ेगी हरियाली : नागरिकों को मिलेंगे बेहतर और सुविधायुक्त सार्वजनिक स्थल: मुख्यमंत्री

अहिवारा, मुंगेली और कांकेर में 7.29 करोड़ रुपए की लागत से विकसित होंगे आधुनिक उद्यान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!