Breaking News

महापौर ने मुख्यमंत्री से जिला अस्पताल की व्यवस्था सुधारने और सुविधाएं बढ़ाने की मांग की : 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का निःशुल्क टीकाकरण करने के लिए जताया आभार

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की वर्चुअल बैठक में दुर्ग के महापौर धीरज बाकलीवाल ने दुर्ग जिला अस्पताल की व्यवस्था में सुधार लाने और कोरोना पेशेंट के लिए सुविधाएं बढ़ाने की मांग की। महापौर ने प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए निशुल्क टीकाकरण की व्यवस्था करने के फैसले पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।


वर्चुअल बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समीक्षा के दौरान महापौर और निगम आयुक्त को निर्देश देते हुए कहा कि कोरोना वारियर्स के रूप में कार्य करने वाले सफाई कर्मचारी को सभी प्रकार के सुरक्षा किट उपकरण उपलब्ध कराएं। सीएम ने 1 मई 2021 से 18 वर्ष से अधिक आयु वाले सभी नागरिकों को वैक्सीनेशन में कोई तकलीफ न होने देने के लिए जरूरी व्यवस्था करने कहा। उन्होंने कहा निगम सीमा में कोविड 19 टेस्ट के लिए नगर निगम अपना कंट्रोल रूम स्थापित करें, ताकि लोगो को अनावश्यक परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने कोविड 19 के दौरान ड्यूटी करने वाले सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों और सफाई कर्मचारियों के कार्य की सराहना की गई। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे, इसके लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं। महापौर धीरज बाकलीवाल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों का निःशुल्क टीकाकरण करने के जनकल्याणकारी निर्णय के लिए धन्यवाद दिया।  

मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कहा कि सभी नागरिकों को आसानी से होम डिलीवरी के माध्यम से सामान मिले, इसके लिए कार्य योजना बनाएं। पीलिया से सम्बंधित कोई शिकायत न होने देने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी सीएम ने दिए। नगरीय निकाय के रिक्त भवनों में आवश्यकता पड़ने पर कोविड केयर सेंटर की स्थापना की जा सके। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले या अधिक मूल्य पर समान बेचने वाले दुकानदारों के विरुद्ध 2 माह के लिए दुकान सीलबंद की कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। फ्रंटलाइन वर्कर का 100 प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश भी सीएम ने दिए।

महापौर ने बताया कि दुर्ग नगर निगम द्वारा लगातार जरूरतमंद लोगों को पका हुआ भोजन वितरण किया जा रहा है और प्रत्येक वार्ड में सेनेटाइजेशन कराया जा रहा है। 100 ऑक्सीजन बेड युक्त आइसोलेशन सेंटर शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। पॉजिटिव मरीजों के परिजनों और सामान्य लक्षण वाले लोगों के लिए प्रोफेलेक्टिक किट व अस्पतालों में रेमडीसिविर दवा की सुलभता और बढ़ाने की आवश्यकता है।

जल्द मिलेगी कोविड टेस्ट की रिपोर्ट

वर्चुअल बैठक के बाद महापौर ने बताया कि आरटीपीसीआर रिपोर्ट देर से आने के कारण उन्होंने मुख्यमंत्री से संदिग्ध मरीजों के लिए कोविड सेंटर की मांग की थी, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकृति दी है। आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए दुर्ग में लैबोरेटरी का निर्माण करने की मांग भी महापौर रखी है, जिसे स्वीकृति मिल गई है। अब सभी संभावित मरीजों की आरटीपीसीआर टेस्ट रिपोर्ट जल्दी मिल सकेगी। 

Check Also

टाउनशिपवासी बोले – डॉयलागबाजी की बजाय केंद्रीय इस्पात मंत्री या बीएसपी प्रबंधन से करें सार्थक चर्चा करें … बलिदान देने की बयानबाजी बेतुकी …

द सीजी न्यूज लीज, रिटेंशन और लाइसेंसधारकों को बीएसपी प्रबंधन की नोटिस मिलने के मुद्दे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!