द सीजी न्यूज डॉट कॉम

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास कार्यालय में आयोजित रायपुर और दुर्ग संभाग की समीक्षा बैठक से पहले बलौदाबाजार जिला मुख्यालय में 500 बेड के कोविड केयर अस्पताल का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शुभारंभ किया। कृषि उपज मंडी के गोदाम को परिवर्तित कर बनाए इस अस्पताल में 120 ऑक्सीजन बेड की सुविधा उपलब्ध है।

मुख्यमंत्री ने इस अस्पताल का निर्माण रिकार्ड 20 दिनों में करने पर जिले के निवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना से संक्रमित मरीजों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। बघेल ने आम जनता से कोरोना गाइडलाईन का कड़ाई से पालन करने की अपील की। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव, सांसद सुनील सोनी, राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, विधायक शिवरतन शर्मा, जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी भी उपस्थित थे।
कलेक्टर सुनील कुमार जैन ने बताया कि यह राज्य का पहला ऐसा हॉस्पिटल है, जिसमें धान मंडी को हॉस्पिटल में बदला गया हैं। इस चुनौती भरे काम को महज 20 दिनों में पूरा किया गया है। 500 बेड के हॉस्पिटल में 120 ऑक्सीजन बिस्तर से सुसज्जित है। 120 बिस्तर में 33 बेड एचडीयू, 36 आईसीयू, 51ऑक्सीजन बेड हैं, जो पूरी तरह वातानुकूलित हैं। 380 बेड जनरल आइसोलेशन के लिए उपलब्ध हैं। आवश्यकता पड़ने पर इसका और विस्तार किया जा सकता है। हॉस्पिटल में सारी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। यहां जिले का आधुनिकतम हॉस्पिटल तैयार किया गया है। इसका संचालन स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा। मंडी गोदाम को हॉस्पिटल में जनप्रतिनिधियों, उद्योगों, जिला खनिज न्यास फंड, जन सहयोग और जिला प्रशासन के सहयोग से परिवर्तित किया गया है। यहां 13 डॉक्टरों की टीम तैनात है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal