द सीजी न्यूज डॉट कॉम
महासमुंद जिला जेल की दीवाल फांदकर 5 कैदियों के फरार होने की घटना पर गृह एवं जेल मंत्री ताम्रध्वज साहू ने जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इस मामले में कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही बरतने का हवाला देकर मुख्य प्रहरी सहित तीन प्रहरी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं।
मुख्यालय जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा आज जारी निलंबन पत्र में कहा गया है कि सीसीटीव्ही फूटेज और उत्पन्न परिस्थिति के आधार पर 6 मई को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक तैनात मुख्य प्रहरी राजकुमार त्रिपाठी और प्रहरी गणेश कुमार एक्का, भरतलाल सेन और सुखीराम कोसले को कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
जेल मुख्यालय से जारी पत्र में कहा गया है कि जिला जेल महासमुंद में परिरूद्ध पांच विचाराधीन बंदी धनसाय उम्र 33 वर्ष, डमरूधर उम्र 24 वर्ष, राहुल उम्र 22 वर्ष, दौलत उम्र 23 वर्ष और करन उम्र 21 वर्ष विभिन्न धाराओं के तहत जेल में परिरूद्ध थे। पांचों कैदी दोपहर लगभग 3 से 3.30 बजे बैरक नम्बर 5 से लगी दीवार में दो बंदियों के ऊपर एक बंदी चढ़कर टयूब राड की पट्टी के सहारे एक गमछा और एक शॉल को जोड़कर हुक को सोलर फ्रेंसिंग वायर के क्लेम्प में फंसाया और उसके सहारे पांचों बंदी बारी-बारी से चढ़कर जेल से फरार हो गए। फरार पांच बंदियों में से तीन बंदी डमरूधर, दौलत और करन को पुनः गिरफ्तार कर लिया गया है। दो बंदियों धनसाय और राहुल की तलाश जारी है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal