- पहले की तरह प्रदेश का अग्रणी चिकित्सा संस्थान बनाने उचित पहल करने सरोज ने इस्पात मंत्री से मांग की
- इस्पात मंत्री ने शीघ्र समस्या का निराकरण करने आश्वास्त किया
- सरोज के आग्रह पर समस्याएं देखने खुद भिलाई आएंगे इस्पात मंत्री
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
आज दिल्ली में राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने देश के केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह से मुलाकात की और भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों समेत सेवानिवृत कर्मचारी व भिलाई में निवास करने वाले नागरिकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। सरोज पांडेय ने इस्पात मंत्री को बताया कि भिलाई सेक्टर 9 स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय दो दशक पहले तक चिकित्सा के क्षेत्र में पूरे प्रदेश में अग्रणी संस्थान हुआ करता था। विगत कुछ वर्षों से संयंत्र की उदासीनता के कारण इस संस्थान में न सिर्फ चिकित्सा सुविधाओं की कमी हुई है बल्कि अनुभवी चिकित्सकों की संख्या भी ज्यादा नहीं है।
सरोज ने कहा कि सबसे बुरी स्थिति उन सेवानिवृत कर्मचारियों की है, जिन्होंने अपना खून-पसीना लगाकर संयंत्र के विकास में योगदान दिया है, आज जरूरत के वक्त भिलाई इस्पात संयंत्र का एकमात्र उच्च संस्थान किसी भी प्रकार उनके काम नहीं आ रहा है। यह अत्यंत दुखद है कि वृद्ध लोगों को आज दर-दर भटकना पड़ रहा है। उनकी यह समस्या किसी भी संवेदनशील व्यक्ति को द्रवित कर देती है।
इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ने समस्या को धैर्य से सुनने के बाद सांसद सरोज पांडेय को आश्वास्त किया कि इस समस्या का समय सीमा में निराकरण किया जाएगा। वे खुद बहुत जल्द भिलाई इस्पात संयंत्र का दौरा करेंगे। सांसद द्वारा बताई गई स्थानीय स्तर की सभी समस्याओं का अवलोकन कर उनका निराकरण करेंगे। सरोज पांडेय ने इस्पात मंत्री को इसके लिए धन्यवाद दिया और उन्हें जल्द से जल्द भिलाई आने का निमंत्रण दिया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
