द सीजी न्यूज
खैरागढ़। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज फतेहसिंह खेल मैदान खैरागढ़ में जिला साहू संघ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा आयोजित युवक-युवती परिचय सम्मेलन और नवनियुक्त पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी को मकर संक्राति की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने साहू समाज के सामाजिक भवन के लिए 30 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की और दुबेलिया समाज के सामाजिक भवन के लिए 15 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की।
सीएम ने कहा कि साहू समाज संगठित और शिक्षित समाज है और समाज सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है। अन्य पिछड़ा वर्ग के अंतर्गत साहू समाज सबसे बड़ा संगठित समाज है। सबसे ज्यादा किसान साहू समाज में है। सभी की ऋण माफी हुई है और सभी किसानों के धान की खरीदी की जा रही है। पिछले साल 98 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी। इस वर्ष अब तक 97 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है और किसानों के खाते में लगभग 20 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गांव-गांव में रामायण मंडली के माध्यम से अच्छा वातावरण बना है। प्रदेश में छेरछेरा पुन्नी, पोला, तीजा, हरेली, छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक के माध्यम से छत्तीसगढ़ी संस्कृति एवं रीतिरिवाज को बढ़ावा मिला है और पुराने दिन लौटे है। बच्चे छत्तीसगढ़ी संस्कृति से परिचित हो रहे हैं। हम सभी समृद्ध छत्तीसगढ़ की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पुरखों ने एक समृद्ध छत्तीसगढ़ का सपना देखा था। हम सभी को मिलकर इस सपने को पूरा करना है। छत्तीसगढ़ के नवनिर्माण में सबकी भागीदारी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने मकर संक्राति के अवसर पर पतंग व गुब्बारे उड़ाएं। उन्होंने साहू समाज की पत्रिका का विमोचन किया।
प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष टहल सिंह ने कहा कि समाज के सभी लोग मिलकर सहयोग की भावना के साथ कार्य करें। कुप्रथाओं को दूर करने के लिए सभी आगे आएं। जिला साहू समाज के नवनियुक्त अध्यक्ष तिलेश्वर साहू ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण अध्यक्ष व डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल, खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा, छत्तीसगढ़ अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम अध्यक्ष धनेश पाटिला, छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष संदीप साहू, महापौर हेमा देशमुख, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित के अध्यक्ष नवाज खान, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष राजेंद्र साहू, समाजसेवी पदम कोठारी, सभापति जिला पंचायत विपल्व साहू, घम्मन साहू, कलेक्टर खैरागढ़ जगदीश सोनकर, पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव प्रफुल्ल ठाकुर, पुलिस अधीक्षक खैरागढ़ अंकिता शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


