- केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों का किया सम्मान
THE CG NEWS
दुर्ग। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज आंगनवाड़ी केंद्र सेक्टर-7 में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, दुर्ग भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, भिलाई भाजपा जिला अध्यक्ष पुरूषोत्तम देवांगन और भाजपा महिला मोर्चा भिलाई की अध्यक्ष स्वीटी कौशिक उपस्थित रहीं।
राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और आशा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के सेवा-संकल्प की भावना के अनुरूप समर्पण के साथ कार्य कर रही हैं। वे शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ गर्भवती महिलाओं, माताओं और बच्चों की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं और बच्चों को पोषण, खान-पान और टीकाकरण के संबंध में समय-समय पर आवश्यक जानकारी दी जाती है।
उन्होंने कहा कि अच्छे कार्य के लिए मिलने वाला प्रोत्साहन कार्यकर्ताओं में और अधिक ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा देता है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों के अभिभावकों के सहयोग की भी आवश्यकता होती है। अभिभावक अपने बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्र भेजने के साथ कार्यकर्ताओं द्वारा दी जाने वाली जानकारी और मार्गदर्शन में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता और समाज एक-दूसरे के पूरक हैं।
पोषण और स्वच्छता पर दिया जोर
राज्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में पोषण माह के दौरान गर्भवती महिलाओं, किशोरियों तथा कम वजन एवं कुपोषित बच्चों के लिए पौष्टिक आहार के महत्व के संबंध में जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। महिलाओं का स्वास्थ्य बेहतर रहेगा, तभी परिवार सशक्त होगा। बच्चों को पर्याप्त पोषण और उचित देखभाल देकर उनके बेहतर भविष्य की नींव रखी जा सकती है। उन्होंने स्वच्छता को भी स्वस्थ जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि घर-परिवार और आसपास के वातावरण में साफ-सफाई रखने से अनेक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि शासन की योजनाओं को सफल बनाने में जनता की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आंगनवाड़ी केंद्रों से निरंतर जुड़े रहने तथा कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, अधिकारियों और पर्यवेक्षकों का सहयोग करने का आह्वान किया। आंगनवाड़ी केंद्र केवल कार्यकर्ताओं के लिए नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों के लिए हैं। अभिभावकों को समय-समय पर आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों की वृद्धि, पोषण और सीखने की प्रगति की जानकारी लेनी चाहिए और आवश्यकता होने पर कार्यकर्ताओं से मार्गदर्शन लेना चाहिए।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं और आंगनवाड़ी केंद्रों में सहयोग के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संगीता खड़से और गुरमीत कौर, आंगनवाड़ी सहायिका कामिन साहू और डी. महालक्ष्मी, मितानिन शकुन्तला व आंगनवाड़ी में सहयोग करने के लिए डुलेश्वरी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मिलेट्स से तैयार विभिन्न व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसके माध्यम से मोटे अनाज के पोषण संबंधी महत्व और उनके उपयोग को प्रदर्शित किया गया। वहीं बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन भी किया गया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक रेणुका श्रीवास्तव, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अशोक पांडे, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार साहू, पद्मजा सिन्हा, अनीता सिंह, परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, स्व-सहायता समूह की महिलाएं व विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं उपस्थित रहीं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

