THE CG NEWS
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कल 29 सितम्बर को सुबह 11 बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026 में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री कॉन्क्लेव में शामिल युवा नवोन्मेषी विद्यार्थियों और स्टार्टअप्स उद्यमियों से संवाद करेंगे। यूथ कॉन्क्लेव में युवाओं के नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों के स्टार्टअप्स द्वारा अपने नवाचारों, उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय विश्वविद्यालय परिसर स्थित नवनिर्मित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का भी अवलोकन करेंगे। इस केंद्र के माध्यम से नवाचारकर्ताओं और स्टार्टअप्स को तकनीकी सुविधाएं और इन्क्यूबेशन सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नवाचार एवं उद्यमिता के माध्यम से रोजगार सृजन के अवसरों से जोड़ना है। बस्तर, सरगुजा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से उभर रहे नवाचारों को स्टार्टअप इकोसिस्टम से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। कॉन्क्लेव के माध्यम से “विचार से नवाचार और नवाचार से उद्यमिता” की दिशा में युवाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
