
द सीजी न्यूज
शहर जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग की ओर से आज 19 जून को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उपाध्यक्ष व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन सादगी और सेवा भाव से मनाया गया। राहुल गांधी ने गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों की शहादत की वजह से अपना जन्मदिन न मनाने का फैसला किया और उनके निर्देश पर ही कांग्रेस ने आज गरीबों की सेवा और सहायता कर सेवा दिवस मनाया।
इस मौके पर कांग्रेस भवन में दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा ने कहा कि राहुल गांधी दूरदर्शी विचारधारा के व्यक्ति हैं। उन्होंने केंद्र सरकार को जनवरी माह में ही कोरोना संक्रमण को लेकर सचेत कर दिया था। राहुल गांधी ने वैश्विक महामारी से भारत में अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान होने का अंदेशा भी जताया। उस समय केंद्र सरकार ने राहुल गांधी की सोच पर ध्यान नहीं दिया। अगर समय पर उचित कदम उठाए जाते तो देश में कोरोना संक्रमण नियंत्रित किया जा सकता था।
वोरा ने कहा कि राहुल गांधी की सोच के अनुरूप छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शपथ ग्रहण के 4 घंटे के भीतर किसानों का कर्ज माफी का ऐलान कर दिया। किसानों को न्याय योजना से भी बड़ी सहायता मिली। भूपेश बघेल सरकार ने राहुल गांधी के मार्गदर्शन में हर वर्ग के लोगों की सहायता की है। सिर्फ डेढ़ साल के भीतर घोषणापत्र के 90 फीसदी कार्य पूरे कर लिए हैं। कार्यक्रम को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गया पटेल ने भी संबोधित किया। पूर्व महापौर व पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरएन वर्मा ने भी विचार व्यक्त किए ।
कांग्रेस भवन में कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के दीर्घायु होने की कामना करते हुए चंडी मंदिर, बाबा अब्दुल रहमान शाह काबुली दरगाह, मैनोनाइट चर्च, गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, पंचमुखी हनुमान मंदिर में गरीबों और असहाय लोगों को सुूखा राशन वितरित किया। ईश्वर से राहुल गांधी के दीर्घायु होने की कामना की गई। कार्यक्रम में दुर्ग के महापौर धीरज बाकलीवाल, राजेंद्र साहू, नंदू महोबिया, रत्ना नारमदेव, मदन जैन, राधेश्याम शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष अलताफ अहमद, अजय मिश्रा, राजकुमार पाली, सुशील भारद्वाज, देवेश मिश्रा, संदीप श्रीवास्तव, एमआईसी मेंबर अब्दुल गनी, संजय कोहले, हमीद खोखर, मनदीप सिंह भाटिया, अनूप कुमार चंदनिया, श्रद्धा सोनी, विजेंद्र भारद्वाज, ज्ञानी देवांगन, काशीराम रात्रे, पाशी अली, हेमंत तिवारी, संजू धनकर, शिवाकांत तिवारी, अनीस खान, अशोक मेहरा, मीना पॉल, डॉ. भूपेंद्र वर्मा, सुनीता, राजकुमार वर्मा, अब्दुल भाई चौहान, धनेश्वर साहू, भोजराज यादव, शलभ साहू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal